पटना: बिहार में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को 1.60 लाख परिवारों के बैंक खातों में सात-सात हजार रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की. मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीबीटी के माध्यम से कुल 112.14 करोड़ रुपये जारी किए गए. मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित कोई भी परिवार सहायता राशि से वंचित नहीं रहना चाहिए. इसके लिए दोबारा सर्वे कराकर छूटे हुए परिवारों की सूची जल्द भेजी जाए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों को दीपावली से पहले प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, बिजली सहित आवश्यक बुनियादी सुविधाएं बहाल करने का निर्देश दिया, ताकि त्योहार पर घर लौटने वाले लोगों को परेशानी नहीं हो.
गौरतलब है कि गंगा, गंडक, कोसी, बागमती और बलान नदियों में आई बाढ़ से राज्य में करीब 55 लाख की आबादी प्रभावित हुई थी. इससे पहले 15 सितंबर को 8.27 लाख बाढ़ पीड़ित परिवारों को सात-सात हजार रुपये की सहायता दी गई थी. अब दूसरे चरण में 1.60 लाख परिवारों को राहत राशि उपलब्ध कराई गई है.
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि 14 अक्टूबर को किसानों को कृषि इनपुट अनुदान की राशि जारी की जाएगी. साथ ही बाढ़ से क्षतिग्रस्त आधारभूत संरचनाओं की मरम्मत दीपावली से पहले पूरी करने का निर्देश दिया गया है. सरकार बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में भी विचार कर रही है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
