PATNA :बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने नीतीश सरकार पर करारा हमला बोला है। बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने राज्य सरकार पर बरसते हुए कहा कि पुलिस के संरक्षण में क्रिमिनल लगातार बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
नीतीश पर सम्राट चौधरी का तंज
बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि सूबे में पत्रकार, पुलिस और ठेकेदार की लगातार हत्या हो रही है लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार में बढ़ता अपराध नहीं दिख रहा है लिहाजा भारतीय जनता पार्टी अब मुख्यमंत्री को चश्मा उपलब्ध कराएगी ताकि उन्हें सही चीजें दिखाई दे सके।
बीजेपी ने गठित की टीम
बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रदेश में आउट ऑफ कंट्रोल हो रहे क्राइम को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा फैसला लिया है। बीजेपी ने हर प्रमंडल में एक टीम का गठन किया है, जिसमें एक विधायक, एक विधान पार्षद और पार्टी के पदाधिकारियों के साथ जिलाध्यक्ष भी रहेंगे। वे आपराधिक घटनाओं के बाद मौका-ए-वारदात पर जाकर जायजा लेंगे और फिर पार्टी को रिपोर्ट सौंपेंगे।
