ATNA : बिहार के सीएम नीतीश कुमार दिल्ली दौरे पर हैं लेकिन मुख्यमंत्री को लेकर सूबे की सियासत गरम है। दरअसल, बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने एकबार फिर नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है और कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने ही नीतीश कुमार को नेता और मुख्यमंत्री बनाया था।
सीएम नीतीश के दिल्ली दौरे पर चुटकी
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे पर तंज कसते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि सीएम नीतीश आज दिल्ली से पटना लौट रहे हैं। किसी ने मुख्यमंत्री को भाव ही नहीं दिया लिहाजा आज वे पटना लौट रहे हैं। सम्राट चौधरी ने चुटकी लेते हुए ये भी कहा कि नीतीश कुमार की राजनैतिक हैसियत क्या रह गयी है, ये गठबंधन के लोग जानते हैं।
"नीतीश कुमार को है इलाज की जरूरत"
इसके साथ ही सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री क्या-क्या करते रहते हैं। वे 15 अगस्त पर क्या-क्या बोल गये, उन्हें खुद याद नहीं होगा। उनका पूरा भाषण स्क्रिप्टेड था। मैं हमेशा कहता हूं कि ये बीमार हैं। नीतीश कुमार को इलाज की जरूरत है। हमारे यहां कोई भी संस्कृति नहीं है कि 15 अगस्त और 26 जनवरी को कोई सियासी बात करें। नीतीश कुमार ने जो बयान दिया, अति दुर्भाग्यपूर्ण है।
'CM नीतीश निकाल दें गलतफहमी'
सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें गलतफहमी निकाल देनी चाहिए कि वे अटल बिहारी वाजपेयी की कृपा से मुख्यमंत्री बने। नीतीश कुमार बीजेपी और स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की कृपा से सीएम बने हैं। मुख्यमंत्री बस कृपा याद रखें। अटल बिहारी वाजपेयी जी बीजेपी के नेता थे। आज नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा बीजेपी के नेता हैं लिहाजा बेफिक्र रहें। बीजेपी पूर्ण रुप से नीतीश मुक्त बिहार बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है।
नीतीश सरकार पर बरसे सम्राट चौधरी
वहीं, शिक्षा विभाग द्वारा गुरुजी को बोरा बेचने का निर्देश दिए जाने पर सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार के राज में अब बिहारी बोरा ही बेचेंगे। पढ़े-लिखे लोगों को बोरा बेचने के काम पर लगा रहे हैं, ये दुर्भाग्यपूर्ण है। इस तरह का आदेश तुरंत सरकार को वापस लेना चाहिए।
