PATNA : नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और मंत्री अशोक चौधरी के विवाद पर बिहार की सियासत गरमाई हुई है। इस मामले पर अब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बड़ा बयान दिया है और कहा है कि जेडीयू में ऑल इज नॉट वेल।

ललन सिंह-अशोक चौधरी विवाद पर बोले चिराग

इस पूरे विवाद पर चिराग पासवान ने कहा कि मुझे नहीं पता कि कौन-किसको कहां से सेट करने जा रहा है लेकिन ये हकीक़त है कि जेडीयू में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। जेडीयू के कई नेता सांसद, विधायक हम लोगों के संपर्क में हैं। ललन सिंह को लेकर जेडीयू के नेताओं में एक असंतोष की भावना है। धीरे-धीरे ये चीजें सतह पर दिखने लगी है लिहाजा अब वह दिन दूर नहीं, जब जेडीयू में एक बड़ी टूट देखने को मिलेगी।

खंड-खंड हो जाएगी जेडीयू

इसके साथ ही चिराग पासवान ने कहा कि आखिर जेडीयू का भविष्य क्या है। ये एक ऐसी पार्टी है, जिसके नेता ने बार-बार पाला बदला है लिहाजा ऐसे नेताओं को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। आने वाले दिनों में जेडीयू खंड-खंड हो जाएगी।

ठाकुर विवाद पर चिराग की दो टूक

इसके साथ ही चिराग पासवान ने मनोज झा द्वारा पढ़ी गई ठाकुर वाली कविता पर कहा कि मैं किसी का समर्थन नहीं कर रहा है बल्कि वे जिस पार्टी से आते हैं, वो जाति की पार्टी मानी जाती है। इसके साथ ही चिराग पासवान ने कहा कि राज्यसभा सांसद मनोज झा ने जो कविता पढ़ी है, वो लंबे समय से है। ये कविता किसी जाति को लेकर नहीं लिखी गयी है।

इसके साथ ही चिराग पासवान ने नसीहत देते हुए कहा कि बिहार में जाति-धर्म की राजनीति से ऊपर उठने की जरूरत है ताकि बिहार के ज्वलंत मुद्दों को उठाया जा सके और फिर उसे सुलझाने की कोशिश की जा सके।

सिद्दीकी के विवादित बयान पर बोले चिराग

वहीं, आरजेडी नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी के विवादित बयान पर चिराग पासवान ने कहा कि यह उनकी सोच को दर्शाता है कि आखिर महिलाओं को लेकर उनकी सोच क्या है। मेरी पार्टी इस सोच की पूरी तरह से निंदा करती है, जो महिलाओं को सिर्फ उनके रंगरूप और वेशभूषा से जोड़कर देखते हैं। ये लोग महिलाओं को पर्दे के पीछे और चूल्हा-चौका में ही लगाकर रखना चाहते हैं। इनकी सोच से घृणा आती है।

वहीं, तेजस्वी यादव के इस बयान पर कि राजपूत समाज के सबसे अधिक विधायक आरजेडी से हैं। इसपर चिराग पासवान ने कहा कि इस तरीके की राजनीति इनलोगों पर सूट करती है। बिहार में 33 सालों से इनलोगों की सरकार है।