कोडरमा : खबर है कोडरमा की जहां तिलैया डैम ओपी क्षेत्र में जमीन पर कब्जा करने की नीयत से एक व्यक्ति ने अपने बहनोई और उसके नाती के साथ मारपीट के बाद उसका अपहरण कर लिया है. फिलहाल इस मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है और जिस सवारी गाड़ी से बुजुर्ग और उनके नाती का अपहरण किया गया था, उस सवारी गाड़ी को पुलिस ने बरामद कर लिया है.


कोडरमा में शख्स ने अपने बहनोई और उसके नाती के साथ मारपीट कर किया अपहरण, जांच में जुटी पुलिस

बताया जा रहा है कि अपहरण करने वाले भिखारी महतो के पुत्र कुंदन को पुलिस ने पकड़ लिया है और उसकी निशानदेही पर जंगल में अगवा हुए विलास महतो और नीतीश कुमार की तलाश की जा रही है.


जानकारी के मुताबिक विलास महतो अपने नाती नीतीश कुमार के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. इसी दौरान रिश्ते में उनके साले भिखारी महतो और उनके बेटों ने उन पर हमला कर दिया और मारपीट करते हुए सवारी गाड़ी में बिठाकर जंगल की तरफ लेते गए. पुलिस ने सवारी गाड़ी को कोडरमा और हजारीबाग सीमा क्षेत्र के गुड़ियों विजइयो जंगल से बरामद किया है. फिलहाल पुलिस लगातार मोबाइल लोकेशन के आधार पर अगवा हुए लोगों की तलाश कर रही है. इधर परिजनों ने तिलैया डैम ओपी में मामला दर्ज करने के बाद बताया कि जिन लोगों ने अपहरण किया है भले ही वे लोग उनके रिश्तेदार हैं लेकिन आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं और वे लोग पूर्व में कई बार जेल भी जा चुके हैं.