बीजेपी का मिशन 370 : केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने किया दावा, कहा- 2024 में पूरा होगा ये लक्ष्य

Edited By:  |
bjp ka mission 370 bjp ka mission 370

जमुई : केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय आज जमुई में कार्यकर्ताओं से संवाद कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दावा करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 भी हमारा होगा। चुनाव में 370 सीट पार कर जीत का हैट्रिक लगाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठित होकर जोश और जुनून के साथ अभी से 2024 की तैयारी में जुट जाने की अपील करते हुए कहा कि जनता के बीच संदेश पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की ढेर सारी उपलब्धियां सामने है।

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर हुआ है। देसी वैक्सीन से कोरोना के खिलाफ जंग जीतने में हमें कामयाबी मिली है। कोरोना काल में सरकार ने मुफ्त अनाज की व्यवस्था कर बड़ी आबादी के भोजन का इंतजाम करने का काम किया है।

उन्होंने अपने संबोधन में भव्य राम मंदिर निर्माण की चर्चा के साथ ही जगदीशपुर में पाकिस्तान के ध्वजारोहण का रिकार्ड टूटने के लिए कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। केंद्रीय मंत्री ने जमुई को आकांक्षी जिला में शामिल करने के पीछे प्रधानमंत्री के सोच को भी परिभाषित किया और कहा कि आकांक्षी जिला होने के नाते जमुई में अन्य जिलों से ज्यादा विकास होगा और इसके लिए अलग से राशि भी आवंटित की जा रही है।

नित्यानंद राय ने कहा कि विधायक श्रेयसी सिंह के द्वारा मामा का संबोधन जमुई से निकटता का एहसास कराने एवं गौरवान्वित कराने जैसा है। संवाद कार्यकर्ताओं से संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने की जबकि मंच संचालन जिला महासचिव विनय पांडे कर रहे थे।

इस दौरान विधायक श्रेयसी सिंह, उपाध्यक्ष पिंकी वर्मा, मिथिलेश तिवारी कहलगांव विधायक पवन कुमार सहित भारतीय जनता पार्टी के तमाम महत्वपूर्ण नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। इसके पहले केंद्रीय मंत्री का भाजपा सहित एनडीए के अन्य घटक दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सिकंदरा तथा चौडीहा में भव्य स्वागत किया।


Copy