Hindi News / बिहार के मंत्री दिलीप जायसवाल का विपक्ष पर तीखा हमला, कॉकरोच और चूहा...

BIHAR POLITICS : बिहार के मंत्री दिलीप जायसवाल का विपक्ष पर तीखा हमला, कॉकरोच और चूहा बयान देने वालों को दी 'देश छोड़ने' की नसीहत

Edited By:  |
bihar politics bihar politics

कटिहार : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री और बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक दिलीप जायसवाल शनिवार को कटिहार पहुंचे. यहाँ पहुँचने पर स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की.

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए मंत्री दिलीप जायसवाल ने विभिन्न समसामयिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा.

बंगाल में गाय की कुर्बानी पर रोक: "गौ माता हमारी आस्था का केंद्र"

पश्चिम बंगाल में गाय की कुर्बानी पर लगी रोक और उस पर बिहार सरकार की सोच के सवाल पर दिलीप जायसवाल ने बेहद स्पष्ट शब्दों में कहा:

"इस पर हमारा रुख बिल्कुल साफ है. गाय हमारी माता है. गाय के प्रति सनातन धर्म की अपनी एक गहरी श्रद्धा है और हम इस श्रद्धा के प्रति खुद को पूरी तरह समर्पित रखते हैं."

'कॉकरोच' वाले बयान पर तीखा पलटवार: "ऐसे लोग चीन या अमेरिका भाग जाएंगे"

हाल ही में आए'कॉकरोच' से जुड़े एक राजनीतिक बयान पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए मंत्री ने कहा कि यह सब सिर्फ राजनीतिक शगूफा है. उन्होंने कहा:

"कुछ सिरफिरे, मानसिक रूप से विक्षिप्त और बेरोजगार लोग हैं, जिन्हें समाज में कोई काम नहीं है. वे बैठे-बैठे देश के अंदर यही धंधा करते रहते हैं. इस तरह की ओछी राजनीति करने वाले लोग हिंदुस्तान की140करोड़ जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं."

उन्होंने आगे चेतावनी भरे लहजे में कहा, "एक बात साफ याद रखिए, हिंदुस्तान का लोकतंत्र और प्रजातंत्र इतना मजबूत है कि ऐसे'कॉकरोच' और'चूहा' जैसी सोच रखने वाले लोग... या तो चीन भाग जाएँगे नहीं तो अमेरिका भाग जाएँगे. देश की जनता इन्हें बर्दाश्त नहीं करेगी."

तेजस्वी यादव के'जाति देखकर एनकाउंटर' वाले बयान पर तंज

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा सरकार पर लगाए गए'जाति पूछकर एनकाउंटर करने' के आरोप पर दिलीप जायसवाल ने चुटकी लेते हुए कहा कि विपक्ष को अपनी गलती का अहसास हो चुका है. उन्होंने कहा"मुझे लगता है कि यह खबर अब बहुत पुरानी हो गई है, कटिहार पहुँचते-पहुँचते शायद इसे दो-तीन दिन लग गए. खुद विपक्ष के नेता ने भी अब यह महसूस कर लिया है कि उन्होंने बहुत गलत बयान दे दिया था. जब पूरे देश और दुनिया से इस पर प्रतिक्रिया आई, तो उन्हें अपनी भूल का अंदाजा हो गया."

कटिहार में दिलीप जायसवाल के इस आक्रामक रुख से साफ है कि भाजपा आगामी चुनावों को लेकर पूरी तरह से चुनावी मोड में आ चुकी है और वह राष्ट्रवाद, सनातन आस्था और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष को कोई मौका नहीं देना चाहती.

कटिहार से रितेश रंजन की रिपोर्ट-