पटना:बिहार पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर प्रोन्नति देकर पुलिसकर्मियों को दीपावली का खास तोहफा दिया गया है। राज्य सरकार ने वर्ष 2026 में अब तक 9,187 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को उच्च पदों का कार्यकारी प्रभार सौंपा है। इस फैसले से पुलिस विभाग में लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मियों को राहत मिली है। सरकार की इस पहल से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ने के साथ विभागीय कामकाज में भी तेजी आने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, एक अप्रैल 2026 से अब तक विभिन्न संवर्गों में यह प्रोन्नति दी गई है। इसमें सबसे बड़ी संख्या सहायक अवर निरीक्षक (ASI) से पुलिस अवर निरीक्षक (SI) यानी दारोगा का कार्यकारी प्रभार पाने वालों की है। इस श्रेणी में 6,800 पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा पीटीसी से सहायक अवर निरीक्षक के पद पर 1,545 कर्मियों और एसएलसी से हवलदार के पद पर 79 कर्मियों को प्रोन्नति मिली है। वहीं, पुलिस निरीक्षक से डीएसपी के पद पर 88 अधिकारियों को कार्यकारी प्रभार दिया गया है।
परिवहन संवर्ग में भी कई कर्मियों को आगे बढ़ने का मौका मिला है। इसके तहत चालक हवलदार के 218, सहायक अवर निरीक्षक (परिवहन) के 107, पुलिस अवर निरीक्षक (परिवहन) के 45 और पुलिस निरीक्षक (परिवहन) के 31 कर्मियों को उच्च पदों का प्रभार सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त अन्य तकनीकी, लिपिकीय और कार्यालय संवर्ग के कर्मियों को भी प्रोन्नति दी गई है।
सरकार का मानना है कि इस फैसले से पुलिस विभाग की प्रशासनिक क्षमता मजबूत होगी और अधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का बेहतर बंटवारा हो सकेगा। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को उच्च पदों का कार्यकारी प्रभार मिलने से विभाग में नेतृत्व क्षमता भी विकसित होगी। कुल मिलाकर, बिहार सरकार का यह फैसला पुलिस विभाग के हजारों कर्मियों के लिए दीपावली का बड़ा तोहफा माना जा रहा है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

