Hindi News / कटिहार में फर्जी तरीके से डिजिटल अटेंडेंस बनाने वाले 21 शिक्षक चिह्नित, डीएम...

BIHAR NEWS : कटिहार में फर्जी तरीके से डिजिटल अटेंडेंस बनाने वाले 21 शिक्षक चिह्नित, डीएम करेंगे कार्रवाई

Edited By:  |
bihar news bihar news

कटिहार : बिहार में शिक्षकों की विद्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग ने ‘मार्क ऑन ड्यूटी’ और डिजिटल अटेंडेंस की व्यवस्था लागू की है. इसके तहत शिक्षकों को विद्यालय परिसर में मौजूद रहकर ई-शिक्षा कोश पोर्टल के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होती है.

लेकिन कटिहार में ई-शिक्षा कोश पोर्टल के पिछले महीने के आंकड़ों की समीक्षा के बाद एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. समीक्षा के दौरान ऐसे शिक्षकों को चिह्नित किया गया है, जो अपने पदस्थापित विद्यालय में तो मौजूद नहीं थे, बल्कि कथित तौर पर दूसरे जिले और यहां तक कि दूसरे राज्य में रहते हुए भी डिजिटल माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कर रहे थे.

जांच के बाद कटिहार जिले के करीब 21 विद्यालयों के 21 शिक्षकों को चिह्नित किया गया है. इन सभी शिक्षकों को विभाग की ओर से शोकॉज नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है.

कटिहार के जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि शिक्षकों द्वारा दिए गए जवाब की जांच की जाएगी और अगर उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया,तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

दरअसल,बिहार सरकार और शिक्षा विभाग लगातार सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में सुधार और शिक्षकों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल मॉनिटरिंग समेत कई कदम उठा रहे हैं. ऐसे में अगर शिक्षक ही डिजिटल व्यवस्था का दुरुपयोग कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे,तो शिक्षा व्यवस्था में सुधार की इन कोशिशों पर सवाल उठना लाजिमी है.

कटिहार से रितेश रंजन की रिपोर्ट--