BIHAR NEWS : कटिहार में 237 जवानों ने ली वर्दी की शपथ, अधिकारियों ने परेड की ली सलामी
कटिहार : जिला पुलिस लाइन में 237 प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों का दीक्षांत समारोह पूरे उत्साह, अनुशासन और जोश के साथ आयोजित किया गया. जवानों ने कदम से कदम मिलाकर ऐसी शानदार परेड पेश की कि पूरा परेड ग्राउंड तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. समारोह में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विवेकानंद, पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार, जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी सहित कई वरीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.
दीक्षांत समारोह के दौरान प्रशिक्षु जवानों ने ड्रिल, सलामी और अनुशासन का बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी कड़ी ट्रेनिंग की झलक दिखाई. अधिकारियों ने परेड की सलामी ली और जवानों की तैयारी की सराहना की. प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और बेहतर उपलब्धि हासिल करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया गया. समारोह का सबसे भावुक नजारा तब देखने को मिला जब परेड ग्राउंड में मौजूद परिजनों ने अपने बेटे-बेटियों को वर्दी में कदमताल करते देखा. महीनों की मेहनत रंग लाने के बाद परिवार के चेहरों पर गर्व साफ दिखाई दे रहा था. कई अभिभावकों ने तालियां बजाकर जवानों का उत्साह बढ़ाया.
अधिकारियों ने जवानों को ईमानदारी,अनुशासन और जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया. दीक्षांत समारोह के साथ 237 प्रशिक्षु पुलिसकर्मी अब पूरी तरह सेवा के लिए तैयार हो गए और उन्होंने कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया.
कटिहार से रितेश कुमार की रिपोर्ट--





