BIHAR NEWS : नेपाल की बाढ़ के बाद मुजफ्फरपुर में नारायणी गंडक की स्थिति सामान्य, प्रशासन अलर्ट मोड पर
मुजफ्फरपुर: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद बिहार के कई जिलों में हाई अलर्ट है. नेपाल से आने वाली नारायणी नदी, जो बिहार में गंडक के नाम से जानी जाती है, उसके जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है. मुजफ्फरपुर के सरैया, पारू और साहेबगंज इलाके गंडक नदी से बाढ़ के लिहाज से संवेदनशील माने जाते हैं.
हालांकि नेपाल में भयावह स्थिति के बावजूद फिलहाल मुजफ्फरपुर में गंडक नदी की स्थिति सामान्य बनी हुई है. सरैया के रतनपुर डीही में बांध पर प्रशासनिक पदाधिकारी की तैनाती की गई है और स्थानीय लोग भी लगातार निगरानी कर रहे हैं.
मौके पर मौजूद अधिकारियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक फिलहाल घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है. नदी का जलस्तर पहले की तुलना में करीब छह इंच नीचे गया है. हालांकि बराज से पानी छोड़े जाने को देखते हुए प्रशासन पूरी एहतियात बरत रहा है और तटबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है.
नेपाल में आई बाढ़ के बाद गंडक नदी के जलस्तर को लेकर प्रशासन की नजर लगातार बनी हुई है. रतनपुर डीही में बांध पर अधिकारियों की तैनाती के साथ स्थानीय लोगों को भी सतर्क रहने को कहा गया है. फिलहाल नदी का जलस्तर नियंत्रण में है और किसी तरह के खतरे की स्थिति सामने नहीं आई है. बावजूद इसके बराज से छोड़े जा रहे पानी को देखते हुए प्रशासन किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.
संवाददाता रविरंजन कुमार की रिपोर्ट-





