विकास की नई रफ़्तार और सुदृढ़ आधारभूत संरचना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाते हुए, राज्य के युवाओं, श्रमिकों और रोजगार से जुड़ी व्यवस्थाओं को और अधिक मज़बूत किया जा रहा है।युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग तथा श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की सेवाओं को ज़मीनी स्तर पर और सशक्त बनाने के लिए लगातार बेहतर कार्य हो रहे हैं। इसी कड़ी में, आज राज्य के तीन जिलों में नवनिर्मित संयुक्त श्रम भवनों का लोकार्पण एक ऐतिहासिक अवसर के रूप में सामने आया है।वैशाली जिले के जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी रिमोट के माध्यम से इन नवनिर्मित संयुक्त श्रम भवनों का लोकार्पण करेंगे।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर सूबे के श्रम संसाधन तथा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री श्री अरुण शंकर प्रसाद सहित कई केंद्रीय और राज्य मंत्रियों की गरिमामयी उपस्थिति भी रहेगी। यह आयोजन केवल भवनों के उद्घाटन तक सीमित नहीं है, बल्कि श्रमिकों और युवाओं के सम्मान तथा सुविधा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।श्रम संसाधन विभाग एवं युवा, रोजगार व कौशल विकास विभाग के अंतर्गत राज्य के तीन जिलों—समस्तीपुर, औरंगाबाद और शिवहर—में आधुनिक संयुक्त श्रम भवनों का निर्माण कराया गया है।

इन तीनों भवनों के निर्माण पर कुल 17 करोड़ 52 लाख रुपए खर्च किए गए हैं।

  • समस्तीपुर में 5 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत से जी+1 (G+1) संयुक्त श्रम भवन तैयार किया गया है।

  • शिवहर में 5 करोड़ 31 लाख रुपए की लागत से जी+3 (G+3) संयुक्त श्रम भवन का निर्माण हुआ है।

  • वहीं, औरंगाबाद में भी 5 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत से संयुक्त श्रम भवन का कार्य पूरा किया गया है।

राज्य सरकार का उद्देश्य जिला स्तर पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर विभागीय सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है।इन संयुक्त श्रम भवनों के शुरू होने से संबंधित जिलों में श्रम विभाग की विभिन्न इकाइयों और कार्यालयों को एक ही परिसर में संचालित करने की सुविधा मिलेगी।अब श्रमिकों, नियोजकों और आम नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की ज़रूरत काफ़ी हद तक कम हो जाएगी। एक ही छत के नीचे व्यवस्थाएं उपलब्ध होने से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि विभागीय कार्यों के निष्पादन में भी तेज़ी और सुविधा आएगी।