BIHAR NEWS : बोधगया में 14वें दलाई लामा का 91वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया, महाबोधि मंदिर में हुई विशेष प्रार्थना
बोधगया : विश्व शांति और करुणा के प्रतीक 14वें दलाई लामा का 91वां जन्मोत्सव सोमवार को बोधगया में श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक सौहार्द के साथ मनाया गया. इस अवसर पर विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया.
जन्मोत्सव के अवसर पर बौद्ध भिक्षुओं के साथ-साथ हिंदू,मुस्लिम,ईसाई,जैन,सिख और बौद्ध धर्म के प्रतिनिधियों ने विश्व शांति,मानव कल्याण और आपसी भाईचारे के लिए सामूहिक प्रार्थना की. कार्यक्रम में सर्वधर्म समभाव का अनूठा संदेश देखने को मिला.
समारोह में स्थानीय विधायक कुमार सर्वजीत,भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार आयोग के आईएस अध्यक्ष तेनजिन गेलेक तथा सोनम फिंटसो वांगडी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी अतिथियों ने केक काटकर 14वें दलाई लामा का जन्मदिन मनाया और उनके दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की.
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय राष्ट्रगान और तिब्बती राष्ट्रगान के साथ हुई. इसके बाद प्रार्थना, सांस्कृतिक कार्यक्रम और संबोधनों का आयोजन किया गया. पूरे समारोह के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ देश-विदेश से आए बौद्ध श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया.
बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट--





