गिरिडीहःगांडेय विधानसभा क्षेत्र की विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने बुधवार को गिरिडीह प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा,सुरक्षा,साफ-सफाई और बुनियादी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं,सेनादोनी में लोगों को संबोधित करते हुए विधायक भावुक हो गईं।

विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने सेनादोनी तालाब और लेदा छठ घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों पर साफ-सफाई,सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने पर उन्होंने जोर दिया।

सेनादोनी में भावुक हुईं विधायक

सेनादोनी में लोगों को संबोधित करते हुए कल्पना मुर्मू सोरेन भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बहुत कुछ खोया है। गिरिडीह ने एक अच्छे नेता,एक बेटे और एक भाई को खो दिया है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में लोगों का स्नेह और संवेदना ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

लेदा छठ घाट का भी किया निरीक्षण

सेनादोनी के बाद विधायक ने लेदा छठ घाट का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने घाट की साफ-सफाई समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया,ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं से की मुलाकात

छठ घाटों के निरीक्षण के अलावा कल्पना मुर्मू सोरेन ने तेलोडीह,कोवाड़ मोड़,पहाड़पुर,कुरूमडीहा और चरपोका सहित कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

विधायक के इस दौरे के दौरान छठ महापर्व की तैयारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की समस्याओं और कार्यकर्ताओं की मांगों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्व की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

गिरिडीह से नफीस अजहर की रिपोर्ट