BIHAR NEWS : जमुई में ‘माटी का बल दंगल’ — उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
जमुई :श्रीकृष्ण स्टेडियम,जमुई में आयोजित हो रहे‘माटी का बल दंगल’बिहार की पारंपरिक खेल संस्कृति को नई ऊर्जा दे रही है. डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की उपस्थिति ने इस आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया. बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और बिहार कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वावधान में हो रहे दो दिवसीय दंगल में राज्यभर से 200 से अधिक पहलवानों ने दमखम दिखाया. हजारों दर्शकों की मौजूदगी ने प्रतियोगिता को उत्सव का रूप दे दिया.
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार तेजी से खेल प्रतिभाओं का उभरता हब बन रहा है. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह दंगल राज्य की समृद्ध कुश्ती परंपरा, ग्रामीण खेल संस्कृति और युवाओं के जोश का प्रतीक है. उनके अनुसार, ऐसे आयोजन न केवल पारंपरिक खेलों को पुनर्जीवित करते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अनुशासन और फिटनेस की ओर प्रेरित करते हैं.
इस अवसर पर खेल मंत्री श्रेयसी सिंह सहित कई खेल हस्तियां मौजूद रही. उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल अवसंरचना और प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दे रही है, ताकि बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकें. 14 से शुरु होकर 15 फरवरी तक चलने वाला यह आयोजन बिहार की मिट्टी की ताकत और खेल भावना का जीवंत उत्सव बनकर उभरा, जिसने खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों में नया उत्साह भर रहा है.
जमुई से सदानंद कुमार की रिपोर्ट--





