BIHAR NEWS : गया में गरजे मंत्री संतोष सुमन, बोले- जनता ने 25 सीट पर समेट दिया
गया जी: बिहार कैबिनेट विस्तार के बाद पहली बार गया पहुंचे बिहार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन का समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया. गया पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-माला और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया.
इसके बाद गया के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री संतोष सुमन ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला.
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव“जंगलराज पार्ट-2के युवराज”हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव को राजनीति और संविधान की समझ नहीं है. संतोष सुमन ने कहा कि राबड़ी देवी को सीधे घर के किचन से निकालकर मुख्यमंत्री बना दिया गया था,वहीं तेजस्वी यादव को भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कृपा से दो बार उपमुख्यमंत्री बनने का मौका मिला.
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने उन्हें राजनीतिक संजीवनी दी,लेकिन वह उन्हीं को चुनौती देने लगे. उन्हें प्रशासन और संविधान की जानकारी नहीं है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दूसरे को नकलची बंदर बोलने वाले पहले खुद को देखें.
निशांत कुमार को लेकर तेजस्वी यादव की टिप्पणी पर जवाब देते हुए संतोष सुमन ने कहा कि निशांत कुमार एक शांत,सौम्य और संस्कारी व्यक्ति हैं. उन्होंने कहा कि20वर्षों से नीतीश कुमार देश और बिहार की सेवा कर रहे हैं. उनके पुत्र के अंदर भी निश्चित तौर पर अच्छे संस्कार और खूबियां हैं.
तेजस्वी यादव पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए मंत्री ने कहा कि जब तेजस्वी यादव हाफ पैंट पहनते थे,तब से वह राजनीति और सामाजिक संगठनों में सक्रिय थे. उन्होंने कहा कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा बनने से पहले भी वह भारतीय जनता पार्टी और एनसीसी के कार्यकर्ता के रूप में समाज सेवा करते रहे हैं.
संतोष सुमन ने कहा कि बिहार की जनता ने एनडीए सरकार को भारी बहुमत देकर विकास के लिए चुना है. उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार,जीतन राम मांझी,चिराग पासवान,उपेंद्र कुशवाहा समेत एनडीए के सभी नेता मिलकर बिहार को अग्रणी राज्य बनाने के लिए काम कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार और विकास के अपने संकल्प को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है,जबकि विपक्ष केवल बयानबाजी में लगा हुआ है.
गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट--





