PATNA : बिहार की बेटी अंशिका कुमारी का चयन आगामी तीरंदाजी विश्व कप 2025 के लिए सीनियर भारतीय तीरंदाजी टीम में हुआ है। यह गर्व और खुशी की बात है कि अंशिका अब देश के प्रमुख तीरंदाजों के साथ भारतीय टीम का हिस्सा बनकर अपनी पहचान बना रही हैं। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने इस उपलब्धि की पुष्टि करते हुए कहा अंशिका का चयन बिहार के लिए गर्व की बात है। वह दीपिका कुमारी, अंकिता भगत और सिमरनजोत कौर जैसे प्रतिष्ठित खिलाड़ियों के साथ भारतीय टीम में शामिल हो रही हैं जो देश के तीरंदाजी क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि अंशिका का राष्ट्रीय तीरंदाजी टीम में चयन अन्य बिहार के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। यह उपलब्धि राज्य के खेल क्षेत्र को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगी, और अन्य युवा खिलाड़ी भी इस सफलता को अपने सपनों को साकार करने के रूप में देखेंगे। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की तरफ से अंशिका कुमारी को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं।