पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र की घघा गली निवासी प्रसिद्ध होजियारी कारोबारी अमरनाथ सिंघानियां की भागलपुर में सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी। हादसे में थार चालक गोलू की भी जान चली गयी, जबकि कारोबारी के छोटे बेटे संजय सिंघानियां उर्फ संजू गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बतायी जा रही है।जानकारी के अनुसार, अमरनाथ सिंघानियां अपने छोटे बेटे संजय के साथ भागलपुर में रहने वाली बेटी से मिलने जा रहे थे। अकबरनगर थाना क्षेत्र के भवनाथपुर फोरलेन के पास उनकी थार को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अमरनाथ सिंघानियां और चालक गोलू की मौके पर ही मौत हो गयी।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पटना स्थित उनके आवास पर परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गयी। परिवार में पहले भी बड़ा दुख सामने आ चुका है। करीब 28 वर्ष पहले अमरनाथ सिंघानियां के बड़े बेटे अजीत सिंघानियां का अपहरण कर अपराधियों ने हत्या कर दी थी। अजीत की पत्नी ने भी पति की मौत के सदमे में आत्महत्या कर ली थी।बड़े भाई और भाभी की मौत के बाद संजय सिंघानियां परिवार और कारोबार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उनके गंभीर रूप से घायल होने से परिवार के सामने एक बार फिर बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
