बोकारो में आगामी पर्व-त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा ने बोकारो चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ एसपी कार्यालय सभागार में महत्वपूर्ण बैठक की।बैठक में चास की ट्रैफिक जाम और अतिक्रमण की समस्या, बेरमो में भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेक पोस्ट की व्यवस्था तथा बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा मजबूत करने पर चर्चा हुई। समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम का भी सहयोग लिया जाएगा।एसपी ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ आवासीय परिसरों में भी सुरक्षा की दृष्टि से CCTV कैमरे लगाने पर जोर दिया। शहर के प्रमुख एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर नाइट विजन कैमरे लगाने की योजना पर भी चर्चा की गई, ताकि किसी आपराधिक घटना के बाद संदिग्धों की पहचान और निगरानी में मदद मिल सके।
पर्व-त्योहार के दौरान खरीदारी और आवाजाही से बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए बाइक पेट्रोलिंग सहित पुलिस पेट्रोलिंग को और मजबूत किया जाएगा। आम लोगों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर जारी करने की भी तैयारी है, ताकि किसी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क किया जा सके।चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से दिए गए सुझावों को शामिल कर पुलिस प्रशासन एक व्यवस्थित प्रस्ताव तैयार कर आगे की कार्रवाई करेगा।
