प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नीतीश सेतु उद्घाटन कार्यक्रम के बाद पुल पर हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि आरजेडी के कथित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का काफिला लौटने के बाद पुल पर लगे बीजेपी के झंडे, बैनर और उद्घाटन से संबंधित पोस्टर फाड़ दिए। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई।वायरल वीडियो में कुछ लोग आरजेडी का झंडा लेकर पुल पर पहुंचते और पोस्टर-बैनर फाड़ते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद सुरक्षा घेरा हटाया गया और पुल आम लोगों के लिए खोला गया। इसके कुछ ही देर बाद कथित आरजेडी समर्थक पुल पर पहुंचकर हंगामा करने लगे।
इस घटना के कारण पुल पर करीब 40 मिनट तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद धीरे-धीरे हंगामा शांत हुआ और यातायात सामान्य होने लगा।घटना को लेकर बिहार सरकार के मंत्री विजय सिन्हा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस तरह के व्यवहार को लूट की मानसिकता से जोड़ते हुए आरजेडी की कार्यशैली पर सवाल उठाए। बीजेपी नेता मृत्युंजय तिवारी ने भी पोस्टर फाड़ने की घटना की आलोचना करते हुए इसे विकास कार्यों के प्रति नकारात्मक सोच बताया।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पुल के नामकरण को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा में पहले पुल का नाम गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर रखने की बात कही गई थी। साथ ही पुल के निर्माण में प्रधानमंत्री के योगदान को लेकर भी सवाल उठाया।नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद हुई इस घटना ने बिहार में विकास परियोजनाओं के साथ राजनीतिक विवाद को भी तेज कर दिया है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
