गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज में पर्यावरण संरक्षण और पेट्रोल-डीजल की बचत को लेकर न्यायिक अधिकारियों ने एक अनोखी पहल की. जिला एवं सत्र न्यायाधीश गीता गुप्ता समेत कोर्ट के सभी जज बिना वाहन का उपयोग किए पैदल चलकर कोर्ट पहुंचे. इस दौरान उन्होंने लोगों को ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.

गोपालगंज में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जजों की अनोखी पहल, सभी जज बिना वाहन उपयोग किए पैदल पहुंचे कोर्ट

जिला जज गीता गुप्ता ने आम लोगों से भी अपील की कि वे अनावश्यक वाहन प्रयोग कम करें और देशहित में ईंधन बचाने का संकल्प लें. गोपालगंज व्यवहार न्यायालय में आज एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली, जहां जिला एवं सत्र न्यायाधीश गीता गुप्ता समेत सभी न्यायिक अधिकारी पैदल चलकर कोर्ट पहुंचे. जजों की इस पहल का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण, पेट्रोल-डीजल की बचत और देशहित में जागरूक करना था. जिला जज गीता गुप्ता ने कहा कि देश में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर संकट की स्थिति बनी हुई है. ऐसे समय में हर व्यक्ति अगर अपने स्तर पर छोटा-सा त्याग करे, तो भविष्य के लिए संसाधनों को बचाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि यदि लोग सप्ताह में एक दिन भी अनावश्यक वाहन का उपयोग बंद कर दें, तो इससे ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण को भी बड़ा लाभ मिलेगा. उन्होंने मीडिया के माध्यम से गोपालगंज की जनता से अपील करते हुए कहा कि देशहित में सभी को आगे आना चाहिए और जरूरत पड़ने पर थोड़ी असुविधा सहकर भी पेट्रोल, डीजल और गैस की बचत करनी चाहिए.

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट-