पटना : बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों पर हुए चुनाव के बाद अब मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गई है.27अक्टूबर को होने वाली मतगणना के दौरान स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतों की गिनती14टेबल और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतों की गिनती सात टेबल पर होगी. अधिकारियों को उम्मीद है कि मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर तक परिणाम सामने आ जाएंगे.

मतगणना की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने पटना के बांकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थित वज्रगृह का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने मतपेटियों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था और मतगणना केंद्र पर की गई तैयारियों की समीक्षा की.

अधिकारियों ने मतगणना के दिन सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए. वज्रगृह की निगरानी और सुरक्षा को लेकर भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया.

आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में दो प्राथमिकी

दूसरी ओर, पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है. पटना सदर के अंचलाधिकारी अनुज कुमार ने साइबर थाने में आवेदन दिया है. मामले जनसुराज समर्थित प्रत्याशी दिव्या ज्योति और राजद समर्थित प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार से जुड़े हैं.

आवेदन के अनुसार, 22 अक्टूबर को डॉ. संजीव कुमार के एक साक्षात्कार को यूट्यूब चैनल से फेसबुक पर प्रसारित किए जाने की सूचना मिली थी. इसमें कथित तौर पर फर्जी मतदाताओं की पहचान और पैसे देने से संबंधित बातें कही गई थी. वहीं, जनसुराज के नाम से संचालित एक्स हैंडल पर दिव्या ज्योति को भारी मतों से विजयी बनाने संबंधी पोस्ट किए जाने का भी आरोप है. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-