BIG NEWS : जमुई के खैरा में बेखौफ़ अपराधियों का तांडव,चाकू से हमला कर बालू घाट कर्मी से 5 लाख की लूट
जमुई:बड़ी खबर बिहार केजमुई से है जहां जिले के खैरा प्रखंड मुख्यालय के पास बालू घाट के चालान सेंटर में हथियारबंद अपराधियों ने एक व्यक्ति से करीब पांच लाख रुपये लूटे. बालू घाट कर्मी के विरोध करने पर बदमाशों ने सेंटर पर मौजूद दो कर्मियों पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी मच गई.
घायल कर्मियों ने बताया कि बाइक से लगभग सात अपराधी पहुंचे और अचानक चालान सेंटर में घुस गए और वहां रखा 5 लाख रुपये लूटने लगे. कर्मियों द्वारा विरोध किए जाने पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया जिसमें दो कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए. घायल कर्मियों में गिद्धौर थाना अंतर्गत शिवशक्ति कुमार और छपरा जिला के आमीन निजुआरा निवासी अनिल सिंह शामिल हैं.
घटना की सूचना मिलने के बाद खैरा थाना के थानाध्यक्ष मिंटू सिंह अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. घायल कर्मियों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया,जहां उनका उपचार चल रहा है. पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए हैं. जांच के दौरान घटनास्थल से एक मैगजीन बरामद होने की भी सूचना मिली है,जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. मामले में संदिग्ध भूमिका के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह का कहना है कि बदमाशों की पहचान कर शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इधर इस वारदात से बालू कारोबार से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल बना है. वहीं पुलिस दावा कर रही है कि जल्द मामले का खुलासा कर घटना में शामिल अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचा देंगे.
जमुई से सदानंद कुमार की रिपोर्ट--





