Hindi News / मुजफ्फरपुर में हर्ष फायरिंग के दौरान 3 युवकों को लगी गोली, जांच में...

BIG NEWS : मुजफ्फरपुर में हर्ष फायरिंग के दौरान 3 युवकों को लगी गोली, जांच में जुटी पुलिस

Edited By:  |
big news big news

मुजफ्फरपुर: बड़ी खबरमुजफ्फरपुर से है जहां साहेबगंज थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की बड़ी घटना सामने आई है. दरवाजा लगाने के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में तीन युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और बाराती-साराती सभी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच में जुट गई है.

बताया जा रहा है कि साहेबगंज थाना क्षेत्र के परसौनी जहांगीर गांव में सोमवार की रात पूर्वी चंपारण के बीजधरी थाना क्षेत्र के जगीरहां निवासी केदार तिवारी की बारात मुकेश पाठक के घर पहुंची थी. दरवाजा लगाने के दौरान डांस कर रहे लोगों में से किसी ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी. ग्रामीणों के अनुसार तीन राउंड फायरिंग की गई, जिसमें 3 युवक गोली लगने से घायल हो गए.

घायलों में परसौनी जहांगीर निवासी विश्वनाथ पासवान का35वर्षीय पुत्र अनिल पासवान शामिल है, जिसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया.

वहीं, घायल दो अन्य युवक, जो बाराती बताए जा रहे हैं, इलाज के लिए वैद्यनाथपुर चौक स्थित एक निजी क्लिनिक पहुंचे. लेकिन चिकित्सक ने पुलिस को सूचना देने के बाद ही इलाज करने की बात कही. इसके बाद दोनों युवकों को वहां भर्ती नहीं कराया गया. ग्रामीणों का कहना है कि दोनों का इलाज किसी अन्य निजी क्लिनिक में गोपनीय तरीके से कराया जा रहा है.

घटना की सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष अशोक राम और दारोगा नीतीश कुमार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायल अनिल पासवान से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली. इसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई.

थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि हर्ष फायरिंग में तीन युवकों के घायल होने की सूचना मिली है. फिलहाल एक घायल की पहचान अनिल पासवान के रूप में हुई है, जबकि अन्य दो युवकों की पहचान और जानकारी जुटाई जा रही है. इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से प्राथमिकी के लिए आवेदन नहीं दिया गया था. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

मुजफ्फरपुरसेरविरंजन कुमार की रिपोर्ट--