Hindi News / बेगूसराय में बाढ़ के पानी में डूबने से 3 लोगों की मौत, परिजनों...

BIG NEWS : बेगूसराय में बाढ़ के पानी में डूबने से 3 लोगों की मौत, परिजनों में पसरा मातम

Edited By:  |
big news big news

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में मंगलवार को बाढ़ के पानी में डूबने से दो घटनाओं में 3 लोगों की मौत हो गई जबकि दो बच्चियों को काफी मशक्कत के बाद बचाया गया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.

पहली घटना बलिया प्रखंड क्षेत्र के परमानंदपुर पंचायत स्थित हुसैना दियारा की है जहां बाढ़ के पानी में नहाने के दौरान डूबने से दो किशोरियों की मौत हो गई. वहीं दो किशोरियों को स्थानीय नाविकों एवं गोताखोरों की तत्परता से सुरक्षित बचा लिया गया. दोनों बचाई गई किशोरियों का निजी क्लीनिक में इलाज कराया जा रहा है. घटना के बाद हुसैना दियारा में शोक का माहौल है. मृतकों की पहचान हुसैना दियारा निवासी प्रिंस कुमार की12वर्षीय पुत्री आकांक्षा कुमारी और इसी गांव के शैलेंद्र महतो उर्फ गुप्ता महतो की22वर्षीय पुत्री सपना कुमारी के रूप में हुई है. आकांक्षा कुमारी वर्ग सात की छात्रा थी. सपना कुमारी की शादीशुदा थी.

बताया जाता है कि प्रिंस कुमार की दो पुत्री एवं शैलेंद्र महतो की दो पुत्री मंगलवार को बाढ़ के पानी में गंगा स्नान करने गई थीं. नहाने के दौरान चारों बहनें गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं. आसपास मौजूद स्थानीय नाविकों एवं गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए चारों को बचाने का प्रयास किया. इसमें दो चचेरी बहनों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि आकांक्षा और सपना पानी में डूब गईं. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद किए गए.

वहीं दूसरी घटना शाम्हो थाना क्षेत्र के अकहा कुरहा गांव की है , बताया जाता है कि 64 वर्षीय हरि चरण पासवान गांव की सड़क से पेड़ काटने जा रहे थे तभी तेज बहाव में वो बह गए. हालांकि काफी मशक्कत के बाद भी इनका शव फिलहाल बरामद नहीं हुआ है. जिला आपदा प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि आज बाढ़ की पानी में डूबने से तीन लोगों की मौत हुई है. बलिया में दो लड़की की मौत हुई है जबकि शाम्हो में एक बुजुर्ग की मौत हुई है. आपदा विभाग के द्वारा जो भी प्रावधान है उसके तहत जल्द ही मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा.