Hindi News / भोजपुर के गड़हनी में दिनदहाड़े लाखों के जेवर की चोरी, महिला ग्राहक बनकर...

BIG NEWS : भोजपुर के गड़हनी में दिनदहाड़े लाखों के जेवर की चोरी, महिला ग्राहक बनकर पहुंची 4 महिलाएं, घटना CCTV में कैद

Edited By:  |
big news big news

आरा: बड़ी खबर भोजपुर से है जहां जिले के गड़हनी बाजार स्थित शृंगार मार्केट में ज्वेलरी दुकान से करीब 3.50 लाख रुपये मूल्य के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है. यह घटना चरपोखरी थाना क्षेत्र के ॐ ज्वेलर्स की है,जहां चार महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में पहुंची और दुकानदार को बातों में उलझाकर लाखों के गहने लेकर फरार हो गई. पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

जानकारी के अनुसार,चारों महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में पहुंची और दुकानदार से विभिन्न प्रकार के गहने दिखाने को कहा. दुकानदार जब एक-एक कर आभूषण दिखाने में व्यस्त था,तभी उनमें से एक महिला ने चालाकी से कुछ जेवर अपने झोले में रख लिए. इसके बाद सभी महिलाएं बिना किसी संदेह के दुकान से निकल गई.

कुछ देर बाद दुकानदार ने जब गहनों का मिलान किया तो कई जेवर गायब मिले. शक होने पर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक महिला गहने देखने के दौरान उन्हें अपने झोले में रख रही है और बाद में अन्य महिलाओं के साथ आराम से दुकान से निकल जाती है.

पीड़ित दुकानदार जितेंद्र बाबू,निवासी गड़हनी थाना क्षेत्र,ने इस मामले में चरपोखरी थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में उन्होंने बताया है कि घटना रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई और चोरी हुए जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये है.

दुकानदार ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी,चोरी गए जेवरों की बरामदगी तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिलाओं की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

आरा से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट--