BIG NEWS : आरा में घरेलु विवाद में ITBP जवान ने चाचा को गोली मारकर की हत्या, घटना से सनसनी
आरा : बड़ी खबर आरा से है जहां भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बभनौली गांव में भतीजे ने पूर्व के विवाद को लेकर अपने चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना को लेकर पूरे इलाके में सनसनी है.
बताया जा रहा है कि बभनौली गांव के रहने वाले गणेश तिवारी को पूर्व के विवाद को लेकर उनके ही भतीजे बसंत तिवारी ने गोली मारकर हत्या कर दी और वहां से वह फरार हो गया. आरोपी बसंत तिवारी आईटीबीपी का जवान है. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. बाद में इसकी सूचना मुफस्सिल थाने की पुलिस को दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस को भी लोगों का आक्रोश झेलना पड़ा. बताया जा रहा है कि दोनों परिवार के बीच पूर्व में खिड़की खोलने को लेकर विवाद हुआ था एवं पहले से चले जा रहे जमीनी विवाद को लेकर इस घटना को आईटीबीपी के जवान ने अंजाम दिया और अपने ही चाचा की गोली मारकर हत्या करके वहां से भाग गया. बाद में मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम ने साक्ष्य को एकत्रित किया.
घटना के संदर्भ में जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजकुमार साह ने बताया कि उन लोगों को सूचना मिली थी कि बभनौली गांव में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. पूर्व के विवाद को लेकर अपने ही भतीजे ने चाचा को गोली मार दी है जिसमें उनकी मौत हो गई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं पूरे मामले की छानबीन की जा रही है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
आरा से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट-





