Hindi News / अररिया के फारबिसगंज रेड लाइट एरिया में पुलिस छापा, 16 महिलाएं और 13...

BIG NEWS : अररिया के फारबिसगंज रेड लाइट एरिया में पुलिस छापा, 16 महिलाएं और 13 पुरुष गिरफ्तार, 7 लड़कियों का रेस्क्यू

Edited By:  |
big news big news

अररिया: बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज स्थित रेड लाइट एरिया में पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने 16 महिलाओं और 13 पुरुषों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 7 लड़कियों को रेस्क्यू किया,जिनमें कई नाबालिग भी बताई जा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार,इन लड़कियों को बहला-फुसलाकर या जबरन इस धंधे में धकेला गया था. रेस्क्यू की गई सभी लड़कियों को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और उनकी काउंसलिंग कराई जा रही है.

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस अवैध कारोबार में कई लोग संगठित रूप से शामिल थे. प्राथमिक जांच के मुताबिक,कुछ लड़कियों को दूसरे राज्यों से लाकर यहां रखा गया था और उनसे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था. इस मामले में मानव तस्करी के एंगल से भी जांच की जा रही है.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई मोबाइल फोन,नकदी और आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है. जब्त किए गए मोबाइल फोन की जांच की जा रही है,ताकि इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई में स्थानीय थाना पुलिस के साथ-साथ विशेष टीम भी शामिल थी. पूरे ऑपरेशन को गुप्त रूप से अंजाम दिया गया,ताकि किसी भी आरोपी को भागने का मौका न मिल सके.

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस रैकेट के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. साथ ही,इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है.

संजय कुमार की रिपोर्ट--