Hindi News / बेगूसराय में पानी से भरे गड्ढे में डूबे 3 युवक, 2 की मौत,...

BIG NEWS : बेगूसराय में पानी से भरे गड्ढे में डूबे 3 युवक, 2 की मौत, 1 की बची जान, आक्रोशित लोगों ने किया रोड जाम

Edited By:  |
big news big news

बेगूसराय : बड़ी खबर बिहार के बेगूसराय से है जहां बाराती को रीसीव करने जा रहे बाइक सवार तीन युवक रेलवे के पानी से भरे गड्ढे में वाहन से चकमा खाकर गिर गया जिससे डूबने से 2 युवकों की मौत हो गई जबकि एक युवक किसी तरह बाहर निकल कर जान बचाई. यह घटना लाखो थाना क्षेत्र में रेलवे गुमटी नंबर-45 अयोध्याबाड़ी के समीप की है.

बताया जा रहा है कि रेलवे के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 2 युवकों की मौत हो गई. घटना के बाद गुरुवार सुबह दोनों युवकों का शव गढ्ढे से बरामद किया गया. घटना से आक्रोशित लोगों ने शव के साथ खातोपुर चौक परNH-31फोरलेन को करीब दो घंटे तक जाम कर हंगामा किया. मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शांति नगर सूजा गांव के रहने वाले संजीत तांती के25वर्षीय पुत्र बमबम कुमार तांती एवं लूझो तांती के21वर्षीय पुत्र रोशन कुमार के रूप में की गई है. हादसे में एक युवक अर्जुन तांती का पुत्र बमबम तांती किसी तरह बच गया है.

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गांव के ही राजकुमार भगत के लड़की की रात में शादी थी. बारात को रिसीव करने के लिए तीनों युवक एक बाइक से खातोपुर चौक पर जा रहे थे. इसी दौरान अयोध्याबाड़ी गुमटी पर सामने से आ रहे वाहन की लाइट से बाइक अनियंत्रित हो गया और बाइक रेलवे के पानी भरे गड्ढे में चला गया, जिसमें तीन युवक डूब गए. इसमें अर्जुन तांती का पुत्र बमबम तांती थोड़ी देर के बाद किसी तरह बाहर निकाला. उसने सड़क से गुजर रहे लोगों को सूचना दिया तब सभी के परिजन मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू किया. लेकिन रात में कुछ पता नहीं चला, इसके बाद आज सुबह में बमबम तांती एवं रोशन तांती की लाश पानी भरे गड्ढे से बरामद की गई. इसके बाद लोग आक्रोशित हो गए और खातोपुर चौक पर NH-31 फोरलेन को जाम कर दिया. सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. लेकिन काफी समझाने-बुझाने पर भी लोग कुछ भी समझने को तैयार नहीं हुए. आक्रोशित लोगों का कहना है कि पूरे नगर निगम क्षेत्र का पानी यहीं जमा होता है. जिसके कारण हादसा होते रहता है. हम लोगों ने इसके लिए कई बार विरोध किया, लेकिन कोई कुछ सुनने को तैयार नहीं है. मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा एवं नगर निगम क्षेत्र का पानी इस तरफ आना बंद किया जाए. करीब दो घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद लोग शांत हुए और यातायात शुरू कराया जा सका. पुलिस दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई में जुटी. इस संबंध में बेगूसराय के अंचल अधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि दो युवक की मौत हुई है. लोगों ने एन एच जाम किया था, लोगों की मांग पर पानी भरे गड्ढे का घेराबंदी कराने का प्रयास किया जाएगा, नगर निगम का पानी इस गढ्ढे में आता है जिससे हादसा हुआ है. मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिया जाएगा.