BIG NEWS : जहानाबाद में चोरों ने आभूषण दुकान को बनाया निशाना, शटर तोड़कर लाखों रुपये का सामान पर किया हाथ साफ
जहानाबाद : बड़ी खबर जहानाबाद से है जहां बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने ज्वेलरी दुकान का शटर उखाड़ कर लाखों रुपये की जेवरात चोरी कर ली. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई है. यह घटना जहानाबाद के भेलावर थाना क्षेत्र हाटी मोड़ की है. घटना से पीड़ित दुकानदार का रो रो कर बुरा हाल है.
बताया जा रहा है कि भेलावर थाना क्षेत्र के हाटी मोड़ स्थित आभूषण दुकान को बेखौफ चोरों ने अपना निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने और चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया. देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का मुख्य शटर उखाड़कर इस घटना को अंजाम दिया.
पीड़ित दुकानदार के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई है. जानकारी के अनुसार, पीड़ित दुकानदार पंकज कुमार वर्मा नगर थाना क्षेत्र के मलहचक स्थित पानी टंकी के समीप के रहने वाले हैं और हाटी मोड़ पर अपनी आभूषण की दुकान चलाते हैं. रोज की तरह वे बीते दिन भी शाम को अपनी दुकान बंद करके घर चले गए थे. रात में मौके का फायदा उठाते हुए शातिर चोरों ने दुकान को निशाना बनाया और लोहे के औजारों की मदद से शटर को नीचे से उखाड़कर अंदर प्रवेश कर गया और पूरा सामान चोरी कर ली. घटना का खुलासा सुबह उस वक्त हुआ जब सुबह लगभग 5 बजे पंकज कुमार वर्मा को फोन पर सूचना दी गई कि उनकी दुकान का शटर उखड़ा हुआ है. फोन पर सूचना को सुनते ही दुकानदार के होश उड़ गए और वे आनन-फानन में तड़के ही अपनी दुकान पर पहुंचे. घटनास्थल पर पहुंचकर जब पीड़ित दुकानदार ने देखा तो दुकान का शटर नीचे से पूरी तरह से मोड़ा और उखड़ा हुआ था. अंदर जाने पर दुकान की तिजोरी, काउंटर और डिस्प्ले रैक पूरी तरह से खाली पाया गया. चोरों ने दुकान के भीतर रखे सोने के कीमती आभूषण और चांदी का सारा सामान पूरी सफाई से चोरी कर ली. दुकान में केवल खाली डिब्बे और बिखरा हुआ सामान ही शेष बचा था. इस घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा आसपास की दुकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने का प्रयास किया जा रहा है ताकि अपराधियों के सुराग और उनकी पहचान की जा सके. स्थानीय बाजार के अन्य व्यापारियों ने भी इस घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया है.
जहानाबाद से चन्दन मिश्रा की रिपोर्ट--





