PATNA : पटना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। राजधानी की पुलिस ने कई थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीली दवा बेचने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पटना पुलिस ने भारी मात्रा में नशे के इंजेक्शन बरामद किए हैं।

नशे के सौदागर गिरफ्तार
पटना में नशीले इंजेक्शन का जानलेवा धंधा चल रहा है। इसमें कई दवा दुकानदार भी शामिल हैं। ड्रग विभाग और पटना पुलिस की टीम ने 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से भारी मात्रा में नशीली दवा के साथ-साथ हथियार भी बरामद किया है। इनमें तीन दवा दुकानों के मालिक भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये लोग युवाओं को नशीली दवा की सप्लाई करते थे। एक बड़ा गिरोह पटना में काम कर रहा है।
भारी मात्रा में नशीला इंजेक्शन बरामद
जानकारी के मुताबिक इनके पास से 8023 नशीला इंजेक्शन बरामद किया गया है। लेजेसिक नाम का ये इंजेक्शन बुर्पेनॉरफिन है, जो NDPS की श्रेणी में आता है और इसकी बिक्री नियंत्रित है। MRP के हिसाब से इसकी कीमत 3 लाख रुपये है। हालांकि, ड्रग तस्करी के बाजार में इसकी कीमत 20 लाख रुपये से अधिक है। 33 रुपये के एक इंजेक्शन को ड्रग तस्कर नशेड़ियों को 200 से 250 रुपये में बेचते हैं।
एडीसी का बयान - लाइसेंस होगा रद्द
इस मामले में एडीसी डॉ. सच्चिदानंद विक्रांत ने कहा कि जिन दवा दुकानों से नशे का इंजेक्शन मिला है, उसका लाइसेंस रद्द होगा। वहीं, सिटी एसपी का कहना है कि ड्रग तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई, जो आरोपी फरार है, उनकी जल्द गिरफ्तारी होगी।
