BIG BREAKING : सुपौल में निगरानी की टीम ने सर्वे अमीन को 20 हजार रुपये घूस लेते दबोचा
सुपौल : बड़ी खबर बिहार के सुपौल से है जहां जिले के निर्मली नगर के वार्ड संख्या 1 स्थित नाग मंदिर के पास मंगलवार को निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सर्वे अमीन विक्रम कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है. इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया.
जानकारी के अनुसार मरौना अंचल क्षेत्र के खोरमा गांव निवासी रिटायर्ड दफादार जय नारायण यादव से जमीन सर्वे के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही थी. सर्वे अमीन विक्रम कुमार पर आरोप है कि वो रिटायर्ट दफादार जय नारायण यादव से कुल 50 हजार रुपये की मांग की थी. शिकायतकर्ता ने रकम दो किश्तों में देने की बात कही थी. तय योजना के तहत मंगलवार को पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपये लेकर नाग मंदिर के पास बुलाया गया था.
इससे पहले जय नारायण यादव ने पूरे मामले की शिकायत निगरानी विभाग में दर्ज कराई थी. शिकायत की सत्यता की जांच के बाद निगरानी विभाग पटना की टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही सर्वे अमीन ने रिश्वत की रकम ली तोनिगरानी टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया.
निगरानी विभाग पटना के पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी सर्वे अमीन विक्रम कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे पटना ले जाया जा रहा है,जहां आगे की पूछताछ और कार्रवाई की जाएगी. बताया जा रहा है कि निर्मली नगर के वार्ड 1 स्थित बद्री नारायण साह के मकान में किराए पर कमरा लेकर आरोपी सर्वे अमीन रह रहा था,वहीं पर रुपये लेकर रिटायर्ड दफादार को बुलाया था.
इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप की स्थिति है. स्थानीय लोगों ने निगरानी विभाग की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी.
सुपौल से विष्णु गुप्ता की रिपोर्ट--





