BIG BREAKING : भागलपुर में निगरानी टीम ने SDM ऑफिस के स्टेनो प्रेम कुमार और उसके सहयोगी को 70 हजार घूस लेते दबोचा
भागलपुर : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के भागलपुर से है जहां निगरानी विभाग की टीम ने एसडीएम ऑफिस के स्टेनो प्रेम कुमार और उसके सहयोगी मयंक कुमार को 70 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है.
बताया जा रहा है कि निगरानी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए SDM ऑफिस के स्टेनो प्रेम कुमार को 70 हजार रुपये घूस लेते हुए दबोचा है. निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सटीक जाल बिछाया था. टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की. आरोपी के साथ सहयोगी मयंक कुमार को भी रंगेहाथ पकड़ा. सहयोगी बिचौलिए की भूमिका निभा रहा था. मुख्य आरोपी ‘सृजन घोटाला’ से जुड़ा रहा है. कलेक्ट्रेट और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है. भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है . वहीं जांच भी जारी है.
जानकारी के अनुसार एक सरकारी काम कराने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी. शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पहले इसका सत्यापन किया और फिर पूरी रणनीति के तहत छापेमारी की. जैसे ही प्रेम कुमार ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया.
इस मामले में प्रेम कुमार अकेला नहीं था. निगरानी टीम ने उसके सहयोगी मयंक कुमार को भी गिरफ्तार किया है, जो इस पूरे घूसकांड में बिचौलिये की भूमिका निभा रहा था. दोनों के पास से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
गौरतलब है कि प्रेम कुमार का नाम पहले भी विवादों में रहा है. वह पूर्व में डीएम का पीए रह चुका है और चर्चित सृजन घोटाले में भी उसका नाम सामने आया था. उस मामले में वह जेल भी जा चुका है. जेल से बाहर आने के बाद उसकी नियुक्ति एसडीएम कार्यालय में स्टेनो के रूप में हुई थी.
इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद भागलपुर कलेक्ट्रेट समेत अन्य सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया है. निगरानी विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि इस मामले में अन्य अधिकारियों की संलिप्तता तो नहीं है. फिलहाल, दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
संजय कुमार की रिपोर्ट--





