भीषण सड़क हादसा : पटना हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अजय कुमार की बहु समेत तीन की मौत,परिवार में मातम
पटना:किशनगंज में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में पटना हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अजय कुमार ठाकुर की पुत्रवधू, अधिवक्ता वैष्णवी और बेटे एडवोकेट ऋतिक ठाकुर की मौत हो गई है. इस घटना से उनकेपरिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.इस हृदयविदारक घटना से पटना हाई कोर्ट के अधिवक्ताओं और हाई कोर्ट से जुड़े लोगों पर गहरा शोक व्याप्त है.
वरिष्ठ अधिवक्ता अजय कुमार ठाकुर बिहार के प्रतिष्ठित अधिवक्ताओं में माने जाते हैं. इस दुखद समाचार के बाद पटना हाई कोर्ट के कई अधिवक्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है.
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ, जब अधिवक्ता वैष्णवी अपने परिवार के साथ कार से यात्रा कर रही थीं. इस दौरान किशनगंज के पास राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वरिष्ठ अधिवक्ता के परिवार से तीन लोगों की मौत हो गई.कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है. इस दुर्घटना में अधिवक्ता वैष्णवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति और वरिष्ठ अधिवक्ता अजय ठाकुर के बेटे अधिवक्ता ऋतिक ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए है.
बताया जाता है कि वाहन में बच्चे भी सवार थे. इस भीषण दुर्घटना के बावजूद बच्चों को गंभीर चोटें नहीं आई है और वे सुरक्षित हैं.इधर पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है.





