गिरिडीह: जिले के गांडेय प्रखंड के मेढ़ो गांव के पास जयंती नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई है. हादसा मंगलवार देर शाम हुआ है. घटना की जानकारी मिलते ही गांधीनगर और आस-पास के क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है. बताया गया कि गांधीनगर निवासी चार बच्चे दो साइकिलों से घूमने निकले थे. शाम करीब सात बजे ग्रामीणों ने नदी के दोनों किनारों पर दो साइकिलें खड़ी देखी. पास में बच्चों के कपड़े और चप्पल पड़े थे.वहीं, शाम तक बच्चों के घर नहीं लौटने और नदी के पास बच्चों को देखे जाने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों के कपड़े,साइकिल की पहचान के बाद नदी में बच्चों की तलाश शुरू की गई.

घटना की सूचना पर गांडेय थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की टीम को बुलाया,गोताखोरों ने रात में नदी में तलाश शुरू की और करीब आधा घण्टे की मशक्कत के बाद तीन बच्चों के शव बरामद किए. तीनों बच्चे गांडेय के गांधी नगर के रहने वाले थे. मृतकों की पहचान अंश,आदित्य और श्रेयांश के रूप में हुई है. तीनों बच्चों की उम्र 12 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.