PATNA : 'भारत' और 'इंडिया' के नाम को लेकर देश में सियासी विवाद छिड़ गया है। विरोधियों के तीखे हमले के बाद अब बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने पलटवार किया है। ललन सिंह और नीतीश कुमार पर वार करते हुए सम्राट चौधरी ने बड़ा बयान दिया है।


सम्राट चौधरी का दो टूक बयान

बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि नाम बदलने पर दो टूक अंदाज में कहा कि ये भारत है। यहां हम रहते हैं। चाणक्य ने जिस देश का सपना देखा था, उस देश का नाम भी भारत था। महात्मा गांधी ने भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत की थी, उसका भी नाम भारत था। यही नहीं, खुद आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कई बार कहा है कि हम भारत के रहने वाले हैं लिहाजा नीतीश जी के साथ रहते-रहते हो सकता है, उन्हें भी पलटी मारने की आदत हो गयी हो।


"कहां हमने ललन सिंह-नीतीश का बदला नाम"

वहीं, ललन सिंह और नीतीश कुमार पर प्रहार करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि कहां हमलोगों ने ललन सिंह का नाम बदला है। नीतीश जी का भी नाम नहीं बदला है बल्कि वे स्वयं बदलते रहे हैं। साल 2000 में ललन सिंह सिर्फ राजीव रंजन सिंह थे लेकिन 2009 के चुनाव में राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह हो गये। हमारे तो बड़े भाई है लिहाजा हमलोग तो उन्हीं का अनुकरण करते हैं।


इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नीतीश जी का भी नाम किसी ने नहीं बदला। उन्हीं के बड़े भाई यानी लालू प्रसाद ने कहा कि ये "पलटू कुमार" हैं।