भागलपुर : नवगछिया पुलिस ने किया मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़,4 हथियार तस्कर गिरफ्तार
भागलपुर:नवगछिया पुलिस ने अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. बिहपुर थाना क्षेत्र के टेकबाजपुर दियारा में संचालित मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. STF के साथ संयुक्त छापेमारी में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मौके से बड़ी संख्या में बने और अर्धनिर्मित हथियार, मैगजीन तथा हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।.
पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिहपुर थाना पुलिस और STF ने टेकबाजपुर दियारा में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ. पुलिस ने मौके से 11 देसी पिस्टल, 4 अर्धनिर्मित पिस्टल, 16 मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए.
इस मामले में मुंगेर और भागलपुर के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. गिरफ्तार आरोपियों में एक का पहले से भी आर्म्स एक्ट के कई मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है.





