बेरमो में एक साथ तीन घरों में चोरी : शातिर चोरों ने बंद घरों को बनाया निशाना,पुलिस गश्ती पर उठे सवाल
बेरमो:शहर के करगली बाजार क्षेत्र में शातिर चोरों ने एक ही दिन में तीन घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. पीड़ित परिवार ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है. चोरी की इस भीषण घटना के बाद से लोगों में डर का माहौल है. लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, करगली बाजार स्थित तीन घरों में चोरों ने एक साथ धावा बोला. तीनों घरों के लोग पिछले कई दिनों से बाहर गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने सुनसान घरों को निशाना बनाया और आराम से वारदात को अंजाम देकर चलते बने.
स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी की यह घटना कोई पहली बार नहीं हुई है,बल्कि हाल के दिनों में लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं. जिससे साफ है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है. घटना की सूचना मिलते ही बेरमो थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चोर क्या-क्या सामान लेकर फरार हुए हैं, क्योंकि घर के मालिक अभी तक लौटे नहीं हैं.
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब रात में पुलिस गश्ती का दावा किया जाता है, तो आखिरकार चोर इतनी आसानी से तीन-तीन घरों को कैसे निशाना बना लेते हैं? लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने यह संकेत दे दिया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर पड़ती जा रही है और अगर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आम लोगों का भरोसा पूरी तरह टूट सकता है.





