Hindi News / अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर घटना को दिया अंजाम, जांच में जुटी पुलिस...

बेगूसराय में बैंक से दिनदहाड़े लाखों की लूट : अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर घटना को दिया अंजाम, जांच में जुटी पुलिस

Edited By:  |
begusarai mai bank se dindahare lakhon ki loot begusarai mai bank se dindahare lakhon ki loot

बेगूसराय : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के बेगूसराय से है जहां बेखौफ बदमाशों ने मंगलवार को दिनदहाड़े बैंक में फायरिंग कर लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया है. यह घटना तेघड़ा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर-दो हसनपुर में स्थित एक्सिस बैंक की है. शुरुआती जांच में 5 से 6 लाख रुपए लूटे जाने की बात सामने आई है. घटना की सूचना मिलते ही एसपी मनीष सहित पुलिस टीम मौके पर पंहुच कर पूरे मामले की जांच की कर रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में जांच अभियान तेज कर दिया गया है.

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मंगलवार को करीब 11:00 बजे 3 अपाचे बाइक पर सवार 6 बदमाश बैंक के समीप आए और बैंक के अंदर घुसने लगे तो गेट पर मौजूद गार्ड ने रोका. जिस पर बदमाशों ने गार्ड पर पिस्टल के बट से हमला कर दिया. गार्ड जख्मी होकर गिर गया, इसके बाद सभी बदमाश बैंक के अंदर प्रवेश कर गए और मौके पर मौजूद एक ग्राहक सहित सभी स्टाफ को एक कमरे में बंद कर कैशियर से काउंटर की चाबी मांगा. कैशियर एवं बैंक के स्टाफ ने विरोध किया तो बदमाशों ने हथियार दिखाकर सभी को जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद काउंटर की चाबी ले लिया. इस दौरान बदमाशों ने बैंक के अंदर एक राउंड हवाई फायरिंग भी किया और काउंटर में रखा करीब 5 से 6 लाख रुपये लूट लिया. इसके बाद बदमाश बैंक में लगे सीसीटीवी का हार्ड डिस्क लेकर हथियार लहराते हुए चले गए. लूट की सूचना मिलते ही तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार एवं थानाध्यक्ष मौके पर पहुंची. इसके बाद एसपी मनीष भी घटनास्थल पर पहुंचे.

एसपी ने बताया कि तेघड़ा के एक्सिस बैंक में लूट की बात सामने आई है. मैनेजर से हुई बात में चार लाख के लूट की बात सामने आई है. 5-6 नकाबपोश बैंक के अंदर आए थे और घटना को अंजाम दिया गया है. बदमाश बैंक में लगा सीसीटीवी का डीवीआर लेकर चले गए हैं. बैंक के आसपास लगे सीसीटीवी को खंगाल जा रहा है. बैंक के अंदर एक राउंड गोली चलने की बात भी सामने आई है. सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल एवं आगे की कार्रवाई चल रही है. फिलहाल दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से बैंक कर्मियों एवं आसपास दहशत का माहौल है.