बच्चा चोरी का अफवाह : धनबाद में उग्र भीड़ ने चार संदिग्ध महिलाओं के साथ की मारपीट, फिर पुलिस के हवाले किया

Edited By:  |
bachaa chori ki afwah bachaa chori ki afwah

धनबाद:बाघमारा के ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र अंतर्गत निछानी पुल के पास चार संदिग्ध महिलाओं को भीड़ ने बच्चा चोर होने के संदेह में पकड़ लिया. ग्रामीणों ने पहले महिलाओं के साथ मारपीट की फिर ईस्ट बसुरिया ओपी पुलिस के हवाले कर दिया.पूछताछ के बाद सभी महिलाओं को ईस्ट बसुरिया ओपी पुलिस के हवाले कर दिया गया. सूचना मिलते ही कतरास अंचल के पुलिस निरीक्षक मुकेश चौधरी, तेतुलमारी थाना प्रभारी विवेक चौधरी सहित अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया.

ग्रामीणों ने उन्हें बच्चा चोर समझकर घेरा

हिरासत में ली गई महिलाओं की पहचान बिंदु, इसरावती, सुनीता और रबीन के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी महिलाएं उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, मऊ एवं देवरिया की रहने वाली बताई जा रही हैं. महिलाओं ने पुलिस को बताया कि वे बच्चा चोर नहीं हैं. उनमें से एक महिला ने कहा कि वह अपने पति की शराब की लत से परेशान होकर घर छोड़ चुकी है. उनका कहना है कि वे पहले चंद्रपुरा में थी और धनबाद होते हुए निछानी पहुंची. निछानी पुल के पास अमरूद तोड़ने के दौरान ग्रामीणों ने उन्हें बच्चा चोर समझकर घेर लिया और मारपीट करने लगे.

प्रशासन ने की आम जनता से अपील

कतरास अंचल के पुलिस निरीक्षक मुकेश चौधरी ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून अपने हाथ में ना लें. उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी बच्चा चोरी की आशंका हो तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें. उन्होंने बताया कि बच्चा चोरी की अफवाहों को रोकने के लिए कतरास अंचल के विभिन्न थाना व ओपी क्षेत्रों में जागरूकता रथ निकाला जा रहा है. इससे पहले बरोरा और तेतुलमारी में भी जागरूकता अभियान चलाया गया था. अब ईस्ट बसुरिया और राजगंज में भी जागरूकता रथ निकाला जाएगा.

महिलाओं की सत्यता की हुई जांच

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के संबंधित जिलों से फोन के माध्यम से संपर्क कर महिलाओं की सत्यता की जांच की जा रही है. वहीं, जांच पूरी होने के बाद आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मौके पर मौजूद जिला परिषद सदस्य मो.इसराफिल उर्फ लाला एवं मुखिया मो. आजाद ने भी लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी सूचना पर उग्र न होने की अपील की है.