एटीएम फ्रॉड गैंग का खुलासा : यूपी पुलिस ने नवादा के 5 आरोपी युवकों को दबोचा

Edited By:  |
atm froud gang ka khulasa atm froud gang ka khulasa

नवादा: उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद स्थित साइबर थाना की पुलिस ने एटीएम से धोखाधड़ी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में बिहार के नवादा जिले के 5 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गये युवकों पर एटीएम मशीन में चिपकाने वाला पदार्थ लगाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने का आरोप है.

पुलिस के अनुसारआरोपी एटीएम के कार्ड स्लॉट में फेवीक्विक लगा देते थे,जिससे ग्राहकों का कार्ड मशीन में फंस जाता था. जब उपभोक्ता परेशान होकर वहां से चले जाते थे,तब ये शातिर आरोपी फंसे हुए कार्ड का उपयोग कर उनके खाते से अवैध रूप से धन निकाल लेते थे. इस तरह के गिरोह विभिन्न राज्यों में वारदात को अंजाम दे रहा था.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार (पुत्र स्वर्गीय राजाराम,निवासी लखमोहना),रीतिक कुमार (पुत्र कुंदन सिंह,निवासी बदलपुर,थाना नरहट),चंदन कुमार (पुत्र राजेश सिंह,निवासी सादीपुर,थाना नारदिगंज),दयानंद कुमार (पुत्र सुनील सिंह,निवासी अतौआ) और अनीश कुमार (पुत्र स्वर्गीय शशीभूषण सिंह,निवासी महाननपुर,जिला नवादा) के रूप में हुई है.

पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.

नवादा से दिनेश कुमार की रिपोर्ट--