PATNA :नौकरी के बदले जमीन घोटाला के मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट से लालू प्रसाद, तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी समेत 17 आरोपियों को समन जारी किया गया है। साथ ही 4 अक्टूबर को पेश होने का आदेश दिया गया है। सीबीआई की ओर से दाखिल चार्जशीट पर राउज एवेन्यू कोर्ट ने संज्ञान लिया है। इस पूरे मामले पर बीजेपी सांसद और केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने लालू परिवार को घेरा है।
अश्विनी चौबे का लालू परिवार पर पलटवार
बीजेपी सांसद और केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने लालू परिवार पर निशाना साधते हुए कहा है कि जैसी करनी...वैसी भरनी। जो लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, उनपर तो कार्रवाई होगी। ये प्रक्रिया जो स्वतंत्र एजेंसी है, वो कर रही है। वहीं, विरोधियों द्वारा उठाए गये सवाल पर अश्विनी चौबे ने कहा कि जब पहली बार गिरफ्तार हुए थे, तब क्या हुआ था। उस वक्त कौन गिरफ्तार किया था।
"चोरी और फिर सीनाजोरी"
अश्विनी चौबे ने कहा कि उस वक्त तो लालू प्रसाद दो-दो प्रधानमंत्रियों को पॉकेट में रखते थे, तब सीबीआई ने उन्हें क्यों गिरफ्तार किया था। ये नाटक करते हैं। ये चोरी करने के बाद सीनाजोरी करते हैं।
गौरतलब है कि लैंड फॉर जॉब मामले में डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के खिलाफ चार्जशीट को भी राउज एवेन्यू कोर्ट ने मंजूर कर लिया है। उनके खिलाफ भी केस चलेगा। लैंड फॉर जॉब मामले में यह नया केस है। पुराने केस में पहले ही लालू यादव, राबड़ी देवी, बेटी और सांसद मीसा भारती जमानत पर हैं। नए मामले में भी तेजस्वी के साथ-साथ लालू और राबड़ी को आरोपी बनाया गया है। सीबीआई की ओर से 3 जुलाई को तेजस्वी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी।
