NEW DELHI : राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर से बवाल मचाने वाला है। आज कांग्रेस के अध्यक्ष पद को लेकर पटना सहित देशभर में चुनाव को लेकर वोट डाले जा रहे हैं। शशि थरूर और मलिकार्जुन खड़्गे में जबरदस्त टक्कर है। हालांकि माना जा रहा है कि मलिकार्जुन खड़्गे की जीत तय है।
इधर चुनाव में वोट डालने के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सचिन पायलट का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा है। अशोक गहलोत ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जिन लोगों को बिना किसी मेहनत के पद मिल जाता है वह जल्दी बाजी करने लगते हैं। अगर इसी तरह जल्दी बाजी करते रहे तो उनका भला नहीं होने वाला है। ठोकर खाएंगे। पार्टी में युवाओं को जमकर काम करना चाहिए। सब्र रखना चाहिए। समय आने पर पार्टी खुद उन्हें मौका देगी।
हम भले कांग्रेस में रहें या किसी और पार्टी में। पार्टी आलाकमान सबके काम को देखकर एक ना एक दिन अवसर जरूर देती है। वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि जो लोग कांग्रेस छोड़ कर जा चुके हैं वह अवसरवादी थे। कांग्रेस में रहतें उन सभी नेताओं को अच्छे विभाग दिए गए थे।
बताते चलें कि कांग्रेस आलाकमान की ओर से अशोक गहलोत को पहले राष्ट्रीय कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने का फैसला लिया गया था, लेकिन उन्होंने सीएम पद छोड़ने से पहले इनकार किया बाद में राजस्थान कांग्रेस के विधायकों ने बगावत कर दिया। उसके बाद तय माना जा रहा था कि अशोक गहलोत के बाद सचिन पायलट राजस्थान के सीएम बनने वाले थे।

