PATNA :बिहार में जातीय गणना की रिपोर्ट जारी हो गयी है। इसे लेकर अब सियासी दलों द्वारा लगातार बयानबाजी तेज हो गयी है। नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने जातीय गणना की रिपोर्ट जारी होने पर खुशी जाहिर की है और बड़ा बयान दिया है।


ललन सिंह ने की नीतीश सरकार की तारीफ

जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा है कि नीतीश सरकार पिछड़ी जातियों के उत्थान के लिए पहले से ही कई योजनाओं चला रही है और आगे भी उनके अधिकारों और उत्थान के लिए लगातार योजनाएं चलती रहेंगी।


ललन सिंह ने बिहार की नीतीश सरकार की जमकर तारीफ की और कहा कि केन्द्र सरकार और बीजेपी ने जातीय गणना पर रोक लगाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया लेकिन महागठबंधन की सरकार ने इस सर्वे को पूरा कर लिया और रिपोर्ट भी सार्वजनिक कर दी।


ललन सिंह ने जमकर की नीतीश सरकार की तारीफ, केन्द्र सरकार पर लगाया बड़ा आरोप

सुशील मोदी पर जमकर बरसे ललन सिंह

इसके साथ ही ललन सिंह ने बीजेपी सांसद सुशील कुमार मोदी पर तीखा निशाना साधा और कहा कि वे छपास रोग से ग्रसित हैं। वे अब बोल रहे हैं कि हमलोगों की पहल से ये गणना पूरी हुई है। ललन सिंह ने कहा कि जातीय गणना को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ कई नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी लेकिन बीजेपी वालों ने स्वीकार नहीं किया, जिसके बाद बिहार सरकार ने जातीय गणना करायी। ललन सिंह ने दो टूक अंदाज में कहा कि जातीय गणना अब पूरे देश में होनी चाहिए।

महिला आरक्षण बिल को बताया ढोंग

वहीं, जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने महिला आरक्षण बिल को ढोंग बताया और कहा कि जब केन्द्र सरकार को महिला आरक्षण 10 साल के बाद लागू करना था तो फिर संसद में इवेंट मैनेजमेंट करने की क्या जरूरत थी। उन्होंने पीएम मोदी को सबसे बड़ा इवेंट मैनेजर करार दिया।

वहीं, सुशील कुमार मोदी के इस दावे पर कि जनता दल यूनाइटेड में बड़ी टूट होने वाली है, इसपर ललन सिंह ने बीजेपी सांसद पर तंज कसा और कहा कि सुशील मोदी जी अपनी पीठ थपथपाएं और इंतजार करें कि केंद्र सरकार उन्हें इसका इनाम कब देती है।