नवादा: बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. इस बीच जदयू विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में खुलकर मैदान में उतर गए हैं. अनंत सिंह पहले ही अनुज सिंह को समर्थन देने की घोषणा कर चुके हैं.

शनिवार को अनंत सिंह पटना से डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में रोड शो करते हुए नवादा जिले के वारिसलीगंज पहुंचे. यहां शहीद चंदन सिंह चौक पर उन्होंने माल्यार्पण किया. इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे. यहाँ से अनंत सिंह पकरीबरावाँ की ओर प्रस्थान कर चुके हैं. इसके बाद वे बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री‘बिहार केसरी’श्रीकृष्ण सिंह के खनवाँ गाँव पहुँचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे. रोड शो को लेकर इलाके में काफी उत्साह देखने को मिला.

अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ अपने रुख को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट किया है और अनुज सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार करने की बात कही है. वहीं,जदयू की ओर से भी उनके इस कदम को लेकर प्रतिक्रिया सामने आई है.

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के इस चुनाव में जदयू के नीरज कुमार और जन सुराज समर्थित डॉ. अनुज सिंह के बीच मुकाबला है. ऐसे में अनंत सिंह के समर्थन और उनके रोड शो ने चुनावी गतिविधियों को और चर्चा में ला दिया है.

नवादा से दिनेश कुमार की रिपोर्ट-