पटना: बिहार की राजनीति में जदयू विधायक अनंत सिंह के बयान से सियासी हलचल तेज हो गई है। अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के बयान पर पलटवार करते हुए पार्टी की ओर से कार्रवाई के संकेतों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “समय आने दीजिए,फैसला आप भी देखेंगे और हम भी देखेंगे।”
नीरज कुमार के विरोध में प्रचार जारी रखने का ऐलान
नीरज कुमार के खिलाफ चुनाव प्रचार करने को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने साफ कहा कि उनके और नीरज कुमार के बीच दुश्मनी है। उन्होंने कहा, “उनसे हमारी दुश्मनी है। हम उनका विरोध कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।”
अनंत सिंह ने दावा किया कि वह अनुज कुमार,नीरज कुमार समेत अन्य उम्मीदवारों की जमानत जब्त करा देंगे। उनके इस बयान को चुनावी मुकाबले के बीच विरोधियों के खिलाफ उनके कड़े रुख के तौर पर देखा जा रहा है।
निशांत कुमार के प्रचार पर क्या बोले अनंत सिंह?
निशांत कुमार के नीरज कुमार के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि वह पार्टी के मालिक हैं और कहीं भी जाकर प्रचार कर सकते हैं।
इस बयान के जरिए अनंत सिंह ने निशांत कुमार के चुनाव प्रचार को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। वहीं,पार्टी के भीतर उनके रुख और नेतृत्व के बयानों के बीच राजनीतिक घटनाक्रम पर सबकी नजरें टिकी हैं।
युवाओं के समर्थन का किया दावा
अनंत सिंह ने यह भी दावा किया कि उन्हें युवाओं का समर्थन मिल रहा है। हालांकि,उनके इस दावे के समर्थन में कोई आंकड़ा या स्वतंत्र आकलन सामने नहीं आया है।
फिलहाल, अनंत सिंह के बयानों ने जदयू के भीतर मतभेदों और चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा तेज कर दी है। आने वाले दिनों में पार्टी नेतृत्व की प्रतिक्रिया और चुनाव प्रचार के दौरान नेताओं के रुख पर राजनीतिक गतिविधियां निर्भर करेंगी।
पटना से संजय कुमार कि रिपोर्ट

