बोकारो:- हेमंत सोरेन की सरकार ने बोकारो में दिवंगत जगरनाथ महतो के नाम से 500 बेड का मेडिकल कॉलेज बनाने को लेकर कैबिनेट से स्वीकृति दे दी है। यह अस्पताल सेक्टर 12 फोर लेन के पास बनेगा। इसके लिए राज्य सरकार ने राशि भी स्वीकृत कर दी है। बोकारो में यह मेडिकल कॉलेज 689 करोड़ की लागत से बनेगा।
मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति मिलने के बाद श्रेय लेने की होड़ लग गई है। बोकारो के भाजपा विधायक बिरंचि नारायण ने एक ओर जहां इसे अपनी उपलब्धि बताते हुए सरकार को बधाई दी है,तो वहीं दूसरी ओर जेएमएम और कांग्रेस ने इसे राज्य सरकार के बेहतर सोच का नतीजा बताया है।
इसको लेकर घमासान भी शुरू हो गई है। भाजपा विधायक ने कहा कि भारत सरकार के उपक्रम से मेडिकल कॉलेज के लिए हमने जमीन दिलवाई और लगातार विधानसभा में सवाल उठाने के कारण यह मेडिकल कॉलेज धरातल पर उतर रहा है।
वहीं कांग्रेस प्रदेश सचिव मनोज कुमार ने कहा कि पिछले18वर्षों तक भाजपा की सरकार राज्य में रही है और केंद्र में सरकार रहने के बाद भी कभी बीजेपी ने मेडिकल कॉलेज के लिए सपना नहीं देखा यह मुख्यमंत्री और हमारे प्रदेश अध्यक्ष के बेहतर सोच का नतीजा है क्योंकि मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष दोनों का ताल्लुक बोकारो से है।
झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष हीरालाल माँझी ने कहा कि पिछले 18 वर्षों तक भाजपा की सरकार प्रदेश में रही उन्होंने प्रयास किया तो नहीं हुआ और हेमंत सोरेन की सरकार ने 4 वर्षों में ही से धरातल पर उतरने का काम किया, यह पूरी तरह से सरकार की उपलब्धि है।

