रांची:राजधानी रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में29 अक्टूबर से2 नवंबर2026 तक पांच दिवसीय जेसोवा दिवाली मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में देशभर के उद्यमियों, हस्तशिल्पियों और ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए300 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजन को लेकर झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) की तैयारियां जारी हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सपरिवार आमंत्रण

इस सिलसिले में जेसोवा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी धर्मपत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी दिवाली मेले में सपरिवार शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान मेले के आयोजन, कार्यक्रमों और इसकी तैयारियों से जुड़ी जानकारी भी साझा की गई।

स्वदेशी उत्पादों और हस्तशिल्प को मिलेगा मंच

जेसोवा की ओर से आयोजित इस मेले का उद्देश्य कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। मेले में पारंपरिक कपड़ों, फैशन एक्सेसरीज, सजावटी वस्तुओं और ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार स्वदेशी उत्पादों की बिक्री के लिए300 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे।

इस आयोजन से स्थानीय कारीगरों, महिला उद्यमियों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बड़ा मंच मिलने की उम्मीद है।

सामाजिक कल्याण के कार्यों की भी दी जानकारी

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जेसोवा की ओर से राज्य में संचालित विभिन्न सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी भी दी। एसोसिएशन की ओर से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों और भविष्य की गतिविधियों पर भी चर्चा की गई।

जेसोवा की टीम रही मौजूद

इस प्रतिनिधिमंडल में जेसोवा की अध्यक्ष प्रीति कुमारी, उपाध्यक्ष अनीता सिंह, सचिव मनु झा, संयुक्त सचिव श्वेता शुक्ला, कोषाध्यक्ष शिवानी सिंह तथा कार्यकारिणी समिति की सदस्य रंजना कुमार और दिव्या श्री शामिल थीं।

पांच दिनों तक गुलजार रहेगा मोरहाबादी मैदान

29 अक्टूबर से शुरू होने वाला यह दिवाली मेला 2 नवंबर तक चलेगा। कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों के संगम के रूप में आयोजित इस मेले में लोगों को खरीदारी के साथ विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट