धनबाद : शहर में स्थित जालान अस्पताल में हृदय गति रुकने से नगर निगम के निलंबित मुख्य अभियंता अजीत लुइस लकड़ा की सोमवार सुबह मौत हो गई। जिसके बाद सदर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।मृतक लुईस लकड़ा नेशनल गेम्स घोटाला के आरोपी भी थे।
बताया जाता है कि विगत कई वर्षों से नगर निगम के निलंबित मुख्य अभियंता अजीत लुइस लकड़ा 28.34 करोड़ के नेशनल गेम्स घोटाले मामले में फरार चल रहे थे। वही रविवार की देर रात उन्हें सांस लेने में बेचैनी महसूस होने पर परिजनों ने शहर के एशियन जालान हॉस्पिटल में एडमिट कराया। जहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई।
मालूम हो कि 28.34 करोड़ के नेशनल गेम्स घोटाला मामले में धनबाद नगर निगम के चीफ इंजीनियर अजित लुईस लकड़ा पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी।
नेशनल गेम्स घोटाले को लेकर निगरानी कांड संख्या 49/10 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान अन्य आरोपियों की मिलीभगत सामने आयी है। इसमें सेवानिवृत कल्याण पदाधिकारी सुविमल मुखोपाध्याय, नगर निगम धनबाद के चीफ इंजीनियर अजित लुईस लकड़ा, सेवानिवृत्त कार्यपालक अभियंता कैबिनेट(निगरानी) शुकदेव सुबोध गांधी एवं मोरहाबादी के हरिहर सिंह रोड निवासी हीरा लाल दास की मिलीभगत सामने आयी थी। इन सभी पर गलत तरीके से सरकार के वित्तीय नियमों का दुरुपयोग करने एवं पद का दुरुपयोग करने का आरोप है। मामले में पूर्व राष्ट्रीय खेल आयोजन समिति के महासचिव एसएम हाशमी भी गिरफ्तार हुए थे।
धनबाद से कन्हैया की रिपोर्ट

