BIHAR POLITICS
तेजस्वी यादव पर विजय चौधरी का पलटवार, 21 नवंबर को PM मोदी की हाजीपुर रैली को बताया ऐतिहासिक
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम'नीतीश सेतु'रखे जाने का किया स्वागत,बोले- पुल निर्माण में तेजस्वी यादव का कोई योगदान नहीं
पटना: बिहार की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर जोरदार पलटवार किया। वहीं, उन्होंने21 नवंबर को हाजीपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बताया।
विजय कुमार चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में बिहार के साथ-साथ वैशाली और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि यह सभा ऐतिहासिक होगी और इसमें भारी जनसमर्थन देखने को मिलेगा।
'नीतीश सेतु'नामकरण का किया स्वागत
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने के फैसले का विजय चौधरी ने स्वागत किया। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह फैसला बिहार के लिए महत्वपूर्ण है और राज्य के विकास से जुड़े कार्यों को सम्मान देने वाला कदम है।
तेजस्वी यादव पर साधा निशाना
पुल के नामकरण को लेकर तेजस्वी यादव की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय कुमार चौधरी ने कहा कि पुल के निर्माण में तेजस्वी यादव का कोई योगदान नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पुल की स्वीकृति और निर्माण की प्रक्रिया उनके कार्यकाल से पहले ही शुरू हो चुकी थी। तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी अनर्गल बातों पर सवाल नहीं पूछा जाना चाहिए।
यूपी में सीट बंटवारे पर भी दिया बयान
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे को लेकर भी विजय चौधरी से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द ही विधिवत जानकारी देगी कि उत्तर प्रदेश में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा। फिलहाल बिहार की राजनीति में प्रधानमंत्री की हाजीपुर रैली, नीतीश सेतु के नामकरण और तेजस्वी यादव पर विजय चौधरी के पलटवार को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।
पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।